पिरथला माइनर टूटने से खेतों की ओर जाता पानी। संवाद
- फोटो : Fatehabad
टोहाना। हिसार रोड स्थित टाउन पार्क के पीछे रविवार को पिरथला माइनर की दीवार टूट गई। इससे खेतों में धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा। किसानों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मदद की गुहार लगाई है। मामले की सूचना पाकर पहुंची नहरी विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद समस्या का समाधान किया। विभाग की ओर से नहर में पानी भी छोड़ दिया गया है, ताकि पेयजल संबंधी किल्लत न हो। पटवारी हिमांशु ने किसानों से नुकसान के लिए आवदेन करने की बात कही है, जिसके बाद गिरदावरी करवाकर नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी।
मौके पर मौजूद किसानों ने कहा कि नगर में विभाग द्वारा पानी अधिक छोड़ा गया था, जिसको कम करने के लिए वे अधिकारियों के पास गए थे। मगर उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जब सुबह वे विभाग को अवगत करवाने के लिए गए थे, शाम को यह नहर टूट गई है। इससेकरीब 40 एकड़ फसल डूब गई है। इसके अतिरिक्त उनके खेत में जाने से एक कमरा बना हुआ था, वह गिर गया। पटवारी हिमांशु ने कहा कि नहर में कटाव के चलते फसलों में पानी गया है, जिसको लेकर सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है। स्पेशल गिरदावरी का समय चल रहा है, किसानों की सूचना के आधार पर उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार नुकसान की जांच की जाएगी।
नहर के किनारे के साथ लगे पेड़ की जड़े नीचे तक फैली हुई थी। पेड़ के गिरने से यह कटाव हुआ है। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर समस्या का हल करवा दिया है, जिसके बाद नहर में पानी भी छोड़ दिया है।
मनीष शर्मा, एक्सईएन, नहरी विभाग