गांव ढाणी गोपाल में पंचायत में उपस्थित ग्रामीण।
- फोटो : Fatehabad
भूना (फतेहाबाद)। गांव ढाणी गोपाल में तीन दिन पहले चोरी हुई दो दुधारू पशुओं के बरामद नहीं होने से पुलिस प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने पंचायत करके पुलिस प्रशासन को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। पंचायत में फैसला किया गया कि भैंसें नहीं मिली तो 30 मई को सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पंचायत में प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए छह सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया। कमेटी में नंबरदार जगदीश फगेड़िया, राजेंद्र बिड़ासरा, त्रिलोक शर्मा, सुरेश बुरड़क, निहाल सिहाग व राजेश गोदारा को शामिल किया गया है। पंचायत में ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। ग्रामीणों ने बताया कि 22 मई की रात्रि को करीब एक बजे महिला राजबाला की दो भैंस चोरी हो गई। जो घर के सामने खुले में बंधी हुई थी। राजबाला जब सुबह पशुओं को चारा डालने के लिए गईं, तो उसे भैंसें वहां नहीं मिली। उसने लाखों रुपये की भैंस चोरी होने के बारे में ग्रामीणों को अवगत करवाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस चोरों का सुराग नहीं लगा पाई। ग्रामीणों ने कहा कि महिला की घरेलू परिस्थितियां आर्थिक रूप से कमजोर है। महिला पशुओं का पालन पोषण करके ही अपने परिवार का गुजारा चला रही है।
ढाणी गोपाल में महिला राजबाला के घर के आगे से चोरी हुई भैंसों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार लगी हुई हैं। चोरों का सुराग लगाने के प्रयास जारी है। ग्रामीण आंदोलन की बजाय सहयोग करने में आगे आएं। - कुलदीप सिंह, प्रभारी, भूना थाना पुलिस