भट्टूमंडी में चौपटा कैंची पर लगे पुलिस नाके के दौरान पुलिस कर्मी द्वारा ट्रक मालिक को डंडा मारने की बात पर जमकर बवाल हुआ। इस बात के रोष स्वरूप ट्रक चालकों ने भट्टू फतेहाबाद मार्ग पर अपने ट्रक खड़े कर सड़क जाम कर दी। रोड जाम की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालकों को समझाया। जिस पर उन्होंने रास्ता खोल दिया।
पिछले कई दिनों से पुलिस ने शहर के चारों तरफ हर रोड पर नाकाबंदी कर रखी है। शुक्रवार को भट्टूमंडी में रेलवे की स्पेशल मालगाड़ी लोडिंग होने से फतेहाबाद के इस रोड से ट्रकों का आवागमन अधिक था। चौपटा कैंची पर ट्रकों के आवागमन के दौरान नाके पर खड़े पुलिस कर्मी ने ट्रक को रोककर कागजात पूछे। ट्रक चालक रवींद्र पुलिस कर्मी को कागज दिखाने के लिए नीचे उतर गया। चालक के समीप बैठे ट्रक मालिक शमशेर सिंह ट्रक को सड़क के बीच से हटाकर साइड में लगा रहा था कि एक पुलिसवाले ने शमशेर के हाथ पर डंडों से प्रहार कर दिया। घायल को रोता देख अन्य ट्रक चालक एकत्र हो गए तथा रोष स्वरूप रोड पर काफी देर तक जाम लगा दिया।
सड़क के बीच ट्रक खड़े होने से आने-जाने वाले वाहनों को भी परेशानी उठानी पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मुकेश बैनिवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। समझाने पर ट्रक चालक रोड को खाली कर एक साइड में खड़े होकर पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्यवाही की मांग उठाने लगे। ट्रक चालकों ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भट्टूकलां में भर्ती करवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद रेफर कर दिया।