हरियाणा के फतेहाबाद जिले में टोहाना सीआईए टीम ने पंजाब जा रही नशे की सप्लाई को पकड़ा है। पुलिस ने बाइक सवार दो आरोपियों के कब्जे से नशे की 9990 गोलियां बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने दोनों को रिमांड पर भेज दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार टोहाना सीआईए रविवार रात को एएसआई रोहताश के नेतृत्व में गश्त पर थी। इसी दौरान पंजाब सीमा से सटे गांव सिधानी में पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों को एक बड़े बैग के साथ दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ करते हुए उनके बैग की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पुलिस को प्रतिबंधित ट्रामाडोल की 9990 गोलियां मिली।
दोनों की पहचान मेजर सिंह व संदीप सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों ही युवक मजदूरी का काम करते हैं और पहली बार नशे की सप्लाई के धंधे में जुड़े हैं। दोनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि वह नशे की यह खेप पंजाब में सप्लाई करने के लिए जा रहे थे।
विज्ञापन
सीआईए स्टाफ टीम द्वारा नशीली गोलियों की खेप के साथ गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी युवक पंजाब जा रहे थे। दोनों ने पूछताछ में बताया कि पंजाब चुनाव में नशे की डिमांड बढ़ गई और वहां पर नशे की आपूर्ति करने के लिए वे नशा लेकर निकले थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। -बिरम सिंह, डीएसपी, टोहाना।