राजकीय कन्या स्कूल: पानी भरने की वजह से साइकिल लेकर शौचालय की तरफ जातीं छात्राएं।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। चार दिन पूर्व दो दिन हुई बारिश से शहर फिर जलमग्न है। शिक्षा के मंदिर भी इससे अछूते नहीं है। शहर के तीन राजकीय स्कूल तालाब में तबदील हो चुके हैं। इसके चलते दो हजार से अधिक विद्यार्थियों के अलावा 60 से ज्यादा शिक्षक परेशान हैं। शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल परिसर से पानी की निकासी जारी है, लेकिन चव्वा इसमें बाधा बना हुआ है। कोर्ट के पिछली तरफ स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला भी जलमग्न है। यहां पढ़ने वाले 85 विद्यार्थियों को राजकीय कन्या स्कूल परिसर में शिफ्ट किया गया था, लेकिन कन्या स्कूल में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। आलम यह है कि शौचालय के रास्ते में पानी भरा हुआ है। ऐसे में छात्राओं को साइकिल पर शौचालय जाना पड़ता है। तीनों राजकीय स्कूल परिसर पानी में डूबे हैं और व्यवस्थाएं ‘तार-तार’ हैं।
एमसीएच का टीम ने किया दौरा
शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में छठीं से बारहवीं तक की कक्षाएं मातृ-शिशु अस्पताल परिसर में सोमवार से लगाई जाएंगी। इसके लिए शनिवार को अधिकारियों की टीम ने यहां का दौरा किया। कक्षाएं पहली और दूसरी मंजिल पर लगाई जाएंगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इसके लिए नवनिर्मित भवन परिसर की सफाई भी करवाई।
शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में जमीनी चव्वा ऊपर आने से पानी का स्तर कम नहीं हो रहा है। पानी निकासी होने तक पढ़ाई जारी रखवाने के लिए हम वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर रहे हैं।
जेपी संभ्रवाल, डीईओ।