वाल्मीकि बस्ती में सड़क पर बिखरे पत्थरों के टुकड़े।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। शहर की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर छत से पत्थर बरसाने का आरोप लगाया है। इस दौरान दो लोग घायल हुए और एक घायल को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। पत्थरबाजी में एक कार का शीशा भी चटक गया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वाल्मीकि बस्ती में रात करीब पौने दस बजे विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि बस्ती निवासी एक युवक को पहले उसके दोस्तों ने फोन करके बुलाया। इसके बाद पांच-छह युवकों ने पहले होटल में बैठकर शराब पी और इसके बाद बस्ती में पहुंचे। वहां पहुंचकर जिस युवक को फोन कर बुलाया गया था उसे अन्य ने पीटना शुरू कर दिया। जब उक्त युवक के परिजन वहां आए तो मारपीट करने वाले युवा छत पर चढ़ गए। उन्होंने वहां से गली में पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पत्थरबाजी में दो लोग चोटिल हुए। घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां से मोनू नामक शख्स को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। सिटी थाना प्रभारी वजीर रेढ्ढू का कहना है कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में घायल पक्ष के बयान दर्ज कर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने अपने स्तर पर भी मामले की जांच शुरू कर दी है।