झोझूकलां। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गोकल गांव निवासी दंपती घायल हो गए। घायल महिला के बयान पर झोझूकलां थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोकल निवासी अंजूबाला ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वो अपने पति जसबीर और बेटे प्रिंस के साथ गेहूं की फसल में पानी दे रही थी। उसी दौरान उनके पड़ोसी खेत मालिक ने ट्रैक्टर के रास्ते के लिए अभद्रता की। इसके बाद उसने अपना पालतू कुत्ता उनकी तरफ छोड़ दिया। उसी दौरान उनका पति जसबीर वहां आया तो कहासुनी हो गई। इसलिए उन्होंने डायल नंबर 112 पर कॉल की।
तभी पड़ोसी ने अपने परिजनों को बुला लिया। पीड़िता का आरोप है कि आते ही आरोपियों ने उनसे मारपीट की। मौके पर पुलिस टीम देख आरोपी उन्हें धमकी देकर फरार हो गए। मारपीट में घायल अंजूबाला और उसके पति जसबीर को दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनके बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।