चरखी दादरी। जिला सचिवालय भवन के निर्माण के साथ ही पीडब्ल्यूडी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने के लिए आवासीय कॉलोनी बनाने की रूपरेखा तैयार कर ली है। इस कॉलोनी में 145 ट्रांजिट फ्लैट बनाए जाने प्रस्तावित हैं। कॉलोनी के निर्माण पर करीब 86 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने मंजूरी के लिए फाइल सरकार के पास भेज दी है। दूसरी ओर लघु सचिवालय भवन निर्माण भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। एजेंसी निर्धारण के लिए फाइल हेड ऑफिस भेजी जा चुकी है।
लघु सचिवालय निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने अगस्त में टेंडर आमंत्रित किए थे। उस दौरान यहां बनने वाली आवासीय कॉलोनी में ट्रांजिट फ्लैट निर्माण का प्रारूप भी तैयार किया गया था। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने 13 एकड़ में बनने वाली आवासीय कॉलोनी में 145 ट्रांजिट फ्लैट बनाने का एस्टीमेट तैयार करवाया है। ट्रांजिट फ्लैट निर्माण पर करीब 86 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसके लिए फाइल मुख्यालय भेजी जा चुकी है। इसके अलावा लघु सचिवालय भवन निर्माण के लिए करीब 68 करोड़ रुपये का बजट मंजूरी हुआ है और इसके अनुसार ही टेंडर प्रक्रिया की गई है। लघु सचिवालय का ग्रीन भवन बनाया जाएगा और उसका अतिरिक्त खर्च भी इसमें शामिल है।
यूं बनेंगे आवासीय कॉलोनी में ट्रांजिट फ्लैट
आवासी कॉलोनी के लिए चिह्नित जगह पर 550 से लेकर 1200 वर्ग फुट तक के ट्रांजिट फ्लैट बनाए जाएंगे। छह फ्लैट 1200 स्क्वेयर फुट के बनेंगे जो डीसी, एसपी, नगराधीश और एसडीएम के लिए होंगे। इसके अलावा 14 फ्लैट 1900 स्क्वेयर फुट के, 14 फ्लैट 950 स्कवेयर फुट के और 14 फ्लैट 1300 स्क्वेयर फुट बनेंगे। 28 फ्लैट 2800 स्क्वेयर फुट के, 27 फ्लैट 650 स्क्वेयर फुट के और 32 फ्लैट 500 स्क्वेयर फुट के होंगे।
पांच एजेंसियों ने लघु सचिवालय निर्माण के लिए किया है आवेदन
लघु सचिवालय निर्माण के लिए आमंत्रित किए गए टेंडर में पांच एजेंसियों ने दिलचस्पी दिखाते हुए आवेदन किया है। इनका ब्योरा स्थानीय अधिकारी मुख्यालय भेज चुके हैं और वहां से ही एक नाम फाइनल होना है। करीब 15 दिन पहले ही फाइल मुख्यालय भेजी गई है।
ट्रांजिट फ्लैट निर्माण पर करीब 86 करोड़ रुपये लागत आएगी। इसका एस्टीमेट हम तैयार कर चुके हैं। लघु सचिवालय भवन निर्माण के लिए एजेंसी का चयन मुख्यालय की तरफ से किया जाना है और फाइल हम भेज चुके हैं।
सोमबीर दहिया, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी