भिवानी। अब शहर में सिटी बस सेवा का दायरा जल्द ही बढ़ेगा। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने नए रूट की डिमांड के अनुसार सिटी बसें बढ़ाने का निर्णय लिया है। शुरुआत में दो और बसें सिटी बस सेवा के दायरे में शामिल होंगी। फिलहाल शहर में दो सिटी बसें ही सड़कों पर दौड़ रही हैं।
डीजल महंगा और सिटी बस में किराया सस्ता होने की वजह से ट्रायल के दौरान ये बसें घाटे में चल रही हैं, लेकिन रोडवेज विभाग इन बसों की उपयोगिता के प्रति शहरवासियों को भी जागरूक करेगा। बय स्टैंड से अग्रसेन चौक होकर दादरी गेट वाया लोहारू रोड तक भी सिटी बस को नया रूट मिलेगा।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने जुलाई में सिटी बस सेवा शुरू की थी। इस दौरान सिर्फ दो सिटी बसें चलीं। जिनमें बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड तक का दायरा शामिल किया गया। इन दोनों ही सिटी बसों में रोजाना 500 से 700 लोग सफर कर रहे हैं। बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सिटी बस की रोजाना यात्री रिसीट 25 रुपये प्रति किलोमीटर आंकी जा रही है, जबकि बस स्टैंड से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड तक जाने वाली सिटी बस की रोजाना यात्री रिसीट 36 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से आ रही है। हालांकि रोडवेज प्रशासन प्रत्येक सिटी बस की रोजाना यात्री रिसीट 40 रुपये तक आने पर ही संतोषजनक मान रहा है। इससे कम यात्री रिसीट आने पर विभाग को घाटे का सामना करना पड़ता है, लेकिन शुरुआत में ये सिटी बसें अभी ट्रायल बेस पर ही चल रही हैं, जिसकी वजह से रोडवेज विभाग ने घाटे की तरफ ध्यान देने की बजाय शहरवासियों की सुविधा पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया है।
सिटी बसों में छात्र भी कर रहे बिना टिकट सफर
शहर के अंदर दौड़ रही सिटी बसों में ज्यादातर छात्र भी कॉलेज से बस स्टैंड तक जाने या फिर शहर के निजी शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में इस्तेमाल कर रहे हैं। ये इन बसों मेें टिकट नहीं लेते, जबकि सिटी बस में कोई भी बस पास या रोडवेज सुविधा पास मान्य नहीं है। इसमें सफर करने वाले प्रत्येक यात्री को 10 रुपये का टिकट कटाना अनिवार्य है।
छात्राओं के लिए आई पांच मिनी बसों पर भी लगा ब्रेक
ग्रामीण क्षेत्र से शहर तक आने वाली कॉलेज व स्कूली छात्राओं के लिए रोडवेज विभाग ने डिपो में पांच पिंक यानी मिनी बसें दी हैं। 35 सीटर इन बसों को केवल छात्राओं के लिए ही परिवहन बेडे़ में शामिल किया गया है। इन बसों में बस पास बनवाने वाली सभी छात्राओं को घर से स्कूल व कॉलेज जाने व फिर कॉलेज और स्कूल से घर ले जाने का दायित्व मिला था, लेकिन कोरोना के बाद से ही इन बसों पर ब्रेक लगा है। कुछ अर्से पहले इन्हें एंबुलेंस बनाया था, मगर अब फिर से इन्हें मिनी बस में तबदील किया चुका है। (संवाद)
सभी को टिकट लेना अनिवार्य
शहर में दो सिटी बसें ट्रायल के तौर पर चलाई गई थीं। इन बसों में सभी मुसाफिरों को टिकट लेना अनिवार्य है। कोई भी बस पास या सुविधा मान्य नहीं है। अगर छात्र इन बसों में सफर बिना टिकट करते हैं तो विभाग की टीम निरीक्षण करेंगी और उन पर नियमों के अनुसार जुर्माना भी लगेगा। शहर में जल्द सिटी बसों का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसके लिए डिमांड अनुसार सिटी बस की सेवाएं बढ़ाई जाएंगी।
-बिजेंद्र हुड्डा, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।