तोशाम। तोशाम-बहल मार्ग पर स्थित गांव खरकड़ी माखवान के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से संडवा निवासी 28 वर्षीय अशोक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई प्रदीप के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक अशोक की दो बेटियां है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक अशोक के भाई प्रदीप ने बताया कि उसका भाई ड्राइवरी करता था। वह शुक्रवार को सुबह 3 बजे घर से मोटरसाइकिल लेकर अपने काम पर जा रहा था, जब वह गांव खरकड़ी माखवान के पास पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इस दौरान अशोक की मौत हो गई। अशोक की दो बेटियां हैं। दोनों अभी छोटी हैं। पायल की उम्र सात साल और प्रीति की उम्र तीन साल है। दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। अशोक के देहांत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।