पुल निर्माण के दौरान बंद की गई कृष्णा कॉलोनी फाटक।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। अब दिनोद रोड रेलवे फाटक की महज 50 मीटर दूरी लांघने के लिए पांच किलोमीटर दूर का सफर करना पड़ेगा, क्योंकि दिनोद रोड रेलवे पुल निर्माण की वजह से फाटक का रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया है। रास्ता बंद करने के साथ ही दिनोद रोड रेलवे फाटक पार जीतुवाला की तरफ गहरी खाई खोद दी है। मगर फिर भी फाटक पार करने के चक्कर में कुछ दुपहिया वाहन खाई में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
दरअसल दिनोद रोड पर बीएंडआर विभाग द्वारा शहर का सबसे छोटा 600 मीटर का रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का काम किया जा रहा है। कृष्णा कॉलोनी छोर और जीतुवाला जोहड़ छोर पर पुल निर्माण के लिए पिलर भी खड़े हो चुके हैं। जबकि रेलवे का टॉप सेक्शन बनाना अभी बाकी है। शहर के कृष्णा कॉलोनी चौक से दिनोद रोड की लाइनपार कॉलोनियों की तरफ जाने वालों के लिए यह सबसे छोटा और आसान रास्ता है, क्योंकि कृष्णा कॉलोनी से महज 50 मीटर का फाटक पार करते ही दिनोद रोड की कॉलोनियों में जाना आसान हो जाता है। मगर अब ये रास्ता पूरी तरह से पुल निर्माण की वजह से बंद हो गया है। जिस कारण दिनोद रोड की कॉलोनियों में जाने के लिए लोगों को देवसर चुंगी लोहारू रोड अनाज मंडी पार तोशाम बाईपास होकर जाना पड़ेगा। तोशाम बाईपास और नई अनाज मंडी के रास्ते जाने के लिए वाहन चालकों को करीब पांच किलोमीटर अधिक की दूरी तय करनी होगी।
50 हजार की आबादी हो रही है प्रभावित
दिनोद रोड पर पुल निर्माण की वजह से आवागमन भी बाधित हो रहा है। दिनोद रोड लाइनपार की करीब 15 से अधिक कॉलोनियों के करीब 50 हजार लोगों की आबादी प्रभावित हो रही है। इन कॉलोनियों में आना-जाना पुल निर्माण के बाद आसान हो जाएगा। इसीलिए विभाग पिछले करीब दो साल से पुल निर्माण का काम करा रहा है।
रेलवे पुल का काम लगातार चल रहा है। जीतुवाला फाटक पर पुल निर्माण के लिए काफी संकरी जगह है, इस वजह से इस रास्ते को अब बंद किया गया है। दिनोद रोड पर जाने के लिए तोशाम रेलवे ओवरब्रिज और तोशाम बाईपास का रास्ता खुला है।
-शशांक, एसडीओ, बीएंडआर विभाग।