छात्रा अमिषा को सम्मानित करते उसके परिजन व स्कूल स्टाफ सदस्य।
- फोटो : Bhiwani
तोशाम (भिवानी)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में मंढाण गांव के रोडवेज कंडक्टर वेदप्रकाश की बेटी अमीषा ने 500 में से 499 अंक लेकर प्रदेश में टॉप किया है। छात्रा अमीषा का कहना है कि दो साल पहले उसके बड़े भाई राहुल ने 500 में से 494 अंक लेकर प्रदेश में 7वां व जिले में तीसरा स्थान पाया था। तब से ही मन मे ठान लिया था कि वह 10वीं की परीक्षा में भाई से ज्यादा अंक लेकर आएगी। छात्रा अमीषा ने अपनी कही बात के अनुसार आज 10वीं की परीक्षा में इतिहास रचा।
ईश्रवाल पब्लिक स्कूल की छात्रा अमीषा का कहना है कि वह कंप्यूटर साइंस इंजीनियर बनना चाहती है और इस क्षेत्र में ऊंचा मुकाम हासिल करना चाहती है। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें सोचने की क्षमता बढ़ती है और इसलिए यह फील्ड पसंद है।
गांव मंढाण निवासी अमीषा परीक्षा परिणाम से अभिभूत है और वह इसका श्रेय माता-पिता और अध्यापकों को दे रही है। अमीषा का कहना है कि माता -पिता और अध्यापकों ने हमेशा उनको मोटिवेट किया और उसी का यह परिणाम है। स्कूल में जो काम दिया जाता, उसे साथ-साथ पूरा करती थीं। रात को देर तक और सुबह चार बजे उठकर पढ़ती थी। कभी कोई ट्यूशन नहीं लिया। केवल स्कूल टीचर्स की ओर से दिए गए कार्य को खत्म करना ही प्राथमिकता रही। अमीषा ने अन्य विद्यार्थियों को अपने संदेश में कहा कि जितना भी पढ़ो, उतना ध्यान लगाकर पढ़ो। पढ़ाई में कभी भी दबाव में न आएं। ध्यान लगाकर पढ़ेंगे तो परिणाम सकारात्मक ही होंगे। स्कूल प्रधानाचार्य विकास शर्मा ने भी छात्रा को बधाई दी। साथ ही कहा कि यह छात्रा की मेहनत, अध्यापकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। छात्रा अमीषा ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य अजीत नागल ने छात्रा और अभिभावकों को बधाई दी।