भिवानी। फर्जी तरीके से ऑल्टो कार की एनओसी निकलवाने और लोन की बकाया किस्तों का भुगतान न करने के मामले में आरोपी सहित एचडीएफसी बैंक मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।
शिकायत में गांव धनाना निवासी कश्मीर ने बताया कि उसके पास एक ऑल्टो कार है। जिस पर उसने एचडीएफसी महम से लोन कराया हुआ है। जिसकी किस्तें वह समय पर भरता आ रहा था। गत छह जून 2018 को उसने ऑल्टो कार गांव निंदाना निवासी राजकुमार को 80 हजार रुपये में बेच दी थी। उस समय उसने 50 हजार रुपये नकद व बकाया 30 हजार पांच माह बाद लेने थे। गाड़ी के लोन की तमाम किस्तें खुद राजकुमार को भरनी तय हुई थी। गाड़ी लेने के बाद राजकुमार ने लोन की सात किस्तें जमा नहीं कराई। उसके पास एचडीएफसी बैंक भिवानी से फोन आया। जिसके बाद उसने 59 हजार रुपये भरवा दिए थे। इसके बाद भी राजकुमार ने गाड़ी की किस्तें तोड़ दी और एचडीएफसी बैंक मैनेजर से सांठगांठ कर लोन की स्टेलमेंट कराकर खुद के लिए 59 हजार रुपये का फायदा करा लिया। आरोपी ने उसका सिविल रिकार्ड भी खराब कर दिया। बैंक मैनेजर के साथ मिलीभगत कर गाड़ी के लोन की एनओसी भी ले ली। भिवानी कोर्ट में फर्जी कागजात तैयार कराए और उसके भी फर्जी हस्ताक्षर कर गाड़ी की एनओसी महम के लिए निकलवा ली। इसकी उसे कोई जानकारी नहीं थी। आरोपी ने गाड़ी का एक्सीडेंट कराकर उसे हांसी में बंद करा दिया और फिर उसे किसी सूचना व अथॉरिटी के बिना गाड़ी की खुद ही सुपरदारी भी करा ली। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने और उसकी गाड़ी को वापस दिलाने की गुहार पुलिस के समक्ष लगाई। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी राजकुमार व एचडीएफसी बैंक मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।