भिवानी। नजफगढ़ के एक आढ़ती की कार से दिनदहाड़े लाखों के आभूषण चोरी कर लिए गए। घटना रोहतक गेट क्षेत्र की है। वारदात से हड़कंप मच गया। शहर थाना और सिविल लाइन थाना पुलिस ने दौड़ लगाई और जांच अभियान चलाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे रोहतक गेट की है। नजफगढ़ वासी आढ़ती सुरेंद्र सिंह सोमवार को अपनी रिश्तेदारी में शिव नगर भिवानी आया था। मंगलवार सुबह वह वापस नजफगढ़ लौट रहा था तो रोहतक गेट के पास उसकी गाड़ी से उसका बैग चोरी कर लिया गया। जिसमें कपड़ों, मिठाइयों के अलावा सोने के आभूषण थे। आढ़ती सुरेंद्र ने बताया कि रोहतक गेट पर देवीलाल सदन के सामने उन्होंने मूंगफली खरीदने के लिए गाड़ी रोकी थी। गाड़ी चालक मूंगफली लेने गया। वह उसे देखने लगा इसी दौरान गाड़ी से बैग चोरी कर लिया गया। बैग में साढ़े तीन सौ ग्राम सोने के आभूषण थे। जिसमें अंगूठी, चैन, कड़े थे। चोरी सामान की कीमत करीब नौ लाख रुपये है।
चालक नजफगढ़ वासी राज कुमार ने बताया कि जब वह मूंगफली खरीद रहा था तो एक युवक गाड़ी के टायर के पास झुका। वह गाड़ी तक पहुंचा तो युवक वहां से चला गया। जब देखा तो गाड़ी के टायर पर कट का निशान था और हवा निकल रही थी। उन्होंने जल्दी से रोहतक रोड पर पहुंचकर एक दुकान पर पंचर लगवाया। वहां देखा तो सेठजी के पास रखा बैग गायब था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर दी। सूचना पर शहर थाना पुलिस और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। बैग चोरी होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों की खासी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
आखिर कहां चोरी हुआ बैग
आढ़ती के अनुसार उन्होंने रोहतक गेट पर मूंगफली खरीदने के लिए गाड़ी रोकी थी। गाड़ी में पंचर देख वे रोहतक रोड पर पहुंचे और एक दुकान पर पंचर लगवाया। वे यहां पंचर लगवाकर थोड़ी दूर चलने के बाद देखा तो बैग गायब था। पुलिस के लिए अब मामला पहेली बना है। आखिर बैग रोहतक गेट पर चोरी हुआ या कहीं ओर।
रिश्तेदारों के कहने पर ले जा रहा था आभूषण
आढ़ती सुरेंद्र ने बताया कि लंबे समय से शादी के आभूषण यहां रिश्तेदारों के पास थे। रिश्तेदारी में एक की तबीयत खराब होने पर वे यहां मिलने आए। रिश्तेदारों के कहने पर ही शादी की ये आभूषण लेकर वह जा रहा था और रास्ते में यह सब हो गया।
दो वारदातों से मचा हड़कंप
विकास नगर में सोमवार देर सायं प्लास्टिक धागा रंग सप्लायर पर हमला कर तीन लाख रुपये लूट लिए गए थे। पुलिस इस मामले की अभी जांच कर ही रही थी कि मंगलवार सुबह दिनदहाड़े ये आभूषण चोरी कर लिए गए। वारदात के दोनों क्षेत्र पास पास ही है।
वर्जन:::
साढ़े तीन सौ ग्राम सोने के आभूषण कार से चोरी होने का मामला आया है। ये रोहतक गेट क्षेत्र से हुए है। ऐसे में मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
अश्विनी कुमार, एसएचओ, शहर थाना प्रभारी
-----
वर्जन:::
कार से बैग चोरी होने की शिकायत आई है। अभी जांच की जा रही है कि वारदाता कहां हुई है। सिविल लाइन थाना पुलिस कार्रवाई करेगी या शहर थाना।
बलराज सिंह, एसएचओ, सिविल लाइन थाना प्रभारी