भिवानी। रविवार देर रात को बृजवासी कॉलोनी में वीरपाल नामक युवक पर गोली चलाने के मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विक्की को उसके तीन साथियों के साथ सीआईए ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जबकि उसके तीन साथियों को भी पुलिस ने मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मुख्य आरोपी से पुलिस ने अवैध पिस्तौल भी बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि चौधर की जंग में दो गुटों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश की वजह से बृजवासी कॉलोनी निवासी वीरपाल नामक युवक पर रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे गोली चलाई गई थी। आरोप विक्रम विक्की पर लगे थे। गोली वीरपाल की कोहनी पर लगी। घायल वीरपाल ने बताया कि विक्की ने जेल में बंद बिन्नू के कहने पर ही गोली चलाई थी। चार हमलावर रात को दो बाइकों पर आए थे। एक बाइक पर विक्की व एक अन्य था। जिन्होंने पहले रेकी की। बाद में दोबारा आकर उस पर गोली चलाई गई थी। दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। वीरपाल पर भी दूसरे पक्ष ने करीब तीन-चार माह पूर्व हमला करने का केस दर्ज कराया हुआ है। बृजवासी कॉलोनी निवासी राजन बॉक्सर पर 26 फरवरी को बिन्नू, विक्की, पवन और संदीप चारों ने मिलकर गोली चलाई थी। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आई थी। राजन और वीरपाल दोनों दोस्त है। इसी रंजिश के बाद वीरपाल ने भी दूसरे पक्ष पर हमला किया था। जिस पर उसके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था। बिन्नू और संदीप लोहानी फिलहाल जेल में हैं, जबकि एक पखवाड़े पहले ही पवन और विक्की पैरोल पर जेल से बाहर आए थे। सिटी पुलिस के जांच अधिकारी मुख्य सिपाही संजय ने बताया कि वीरपाल पर गोली चलाने का मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद किया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि विक्रम उर्फ विक्की के तीन साथी नई अनाजमंडी क्षेत्र निवासी सुरेंद्र उर्फ बिटटू, हनुमान गेट क्षेत्र निवासी पवन कुमार, नया बाजार क्षेत्र निवासी रवींद्र उर्फ बिंदर को भी पुलिस ने मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें बुधवार सुबह न्यायालय में पेश किया जाएगा।