उन्नाव। शहर क्षेत्र में नगर पालिका की 62 हेक्टेयर से अधिक जमीन है। लेकिन इसमें से अधिकांश पर लोगों ने अवैध कब्जा या भू-माफियाओं ने अपनी बताकर बेच डाली हैं। नगर पालिका अब अपने अधिकार वाली जमीन की तलाश कराएगी। इसमें वह राजस्व विभाग की भी मदद लेगी। जमीन चिह्नित होने के बाद अवैध कब्जों और निर्माणों पर जेसीबी चलेगी।
सरकारी जमीनों की पहचान करने और उन पर हुए अवैध कब्जेदारों को बेदखल करने के लिए एक साल पहले प्रदेश सरकार ने जिले में भी एंटी भूमाफिया स्क्वॉड भी गठित की थी। अब नगर पालिका ने भी अपने (सरकारी) भूखंडों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन्नाव नगर पालिका क्षेत्र में 62 हेक्टेयर से अधिक सरकारी जमीन है। इनमें से कई बड़े भूखंडों पर अवैध कब्जे हो चुके हैं। कई कीमती जमीनों को भूमाफियाओं ने कब्जा किया और अपनी बताकर प्लाट बेच दिए। नगर पालिका ऐसी जमीन चिह्नित कर अपने कब्जे में लेगी और अवैध कब्जेदारों को बेदखल करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका सूत्रों के मुताबिक शुरुआती तफ्तीश में शहर की कई सरकारी जमीनों के कागजात खोजे नहीं मिल रहे हैं।
कब्जा मुक्त कराएंगे सरकारी जमीन
नगर पालिका ईओ रामपूजन श्रीवास्तव ने बताया कि अंदर नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी जमीनों का लेखाजोखा तैयार किया जा रहा है। तहसील के राजस्व कर्मियों की मदद से जमीन नंबर के आधार पर स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और वर्तमान स्थिति जांची जाएगी। अगर अवैध कब्जे मिले उन्हें कब्जा मुक्त कराया जाएगा।
ऐसे होता है खेल
नगर पालिका सूत्रों के मुताबिक जमीनों की खरीद फरोख्त का काम करने वालों ने सरकारी जमीन के आसपास कुछ जमीन (भूमिधरी की) खरीदते हैं। इसके बाद वह आसपास की सरकारी जमीन को अपने में मिला लेते हैं। कारोबार करने वाले अपनी जमीन के प्लॉट की रजिस्ट्री कर सरकारी जमीन को अपनी बताकर कब्जा दे देते हैं।
नगर पालिका में प्रमुख सरकारी भूखंड
क्षेत्र भूखंड रकबा
उन्नाव शहर 287 45.199
शेखपुर 32 4.840
सिंगरोसी 32 7.197
गदनखेड़ा 22 1.506
अकरमपुर 09 2.625
इब्राहिमाबाद 11 0.388
वाजिदपुर 15 0.759
-नगर पालिका क्षेत्र में 62 हेक्टेयर है सरकारी जमीन
-कई भूखंड भूमाफियाओं ने अपनी बता बेच डाले हैं
-पालिका व तहसील की संयुक्त टीम तलाशेंगी सरकारी जमीन