भिवानी। स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड मैटर्न राज दुलारी अपने बेटे नेशनल कराटे खिलाड़ी को दिल्ली की अकादमी में छोड़ने गई तो पीछे से चोरों ने मकान को अपना निशाना बना लिया। चोर मकान का ताला तोड़कर करीब छह लाख रुपये के आभूषण, तीन महंगे फोन, करीब 20 घडिय़ां व अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्ष 2011 में स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड मैटर्न राज दुलारी का बावड़ी गेट पर यादव अस्पताल के पीछे मकान है। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को वह अपने परिवार सहित बेटे मयंक को दिल्ली की एक अकादमी में कोचिंग के लिए छोड़ने गई थी। मयंक जूडो का नेशनल खिलाड़ी है। वहां मकान देखने के चक्कर में लेट हो गए। 17 सितंबर को लौटे तो घर के मैन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर में सामान बिखरा हुआ था।
उन्होंने बताया कि स्टोर मे रखी अलमारी से चोर सोने का एक हार सोना, दो सोने के कंगन, सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, ओम, लॉकेट, तीन अंगूठी, तीन जोड़ी कानों की बालियां, एक नथ, नाके दो कांटे, सोने का माथे का टीका, हार के साथ वाली अंगूठी के अलावा चांदी की तीन जोड़ी पाजेब, एक तागड़ी, एक गुच्छा, 10 चांदी के सिक्के, चार जोड़ी चुटकी चोरी कर ले गए। चोर घर से करीब 20 हाथ घड़ियां, दो महंगे मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल, 10 हजार रुपये की नकदी ले गए। मामले में एसएचओ सिटी बिक्रम सिंह ने बताया कि चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटी की शादी के लिए बनवाए थे जेवर
पीड़िता राज दुलारी ने बताया कि बेटी डाक्टर का कोर्स कर रही है। उसकी शादी के लिए जेवर बनवा रखे थे। परिवार के सदस्यों को अलग-अलग घड़ियां बांधने का शौक है तो 20 घड़ियां ला रखी थी। चोर सब ले गए।