अंबाला। मिशन एडमिशन के तहत जो विद्यार्थी दाखिला लेना चाहते हैं उनके लिए राहत भरी खबर है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि दूसरी बार बढ़ा दी है। अब आवेदन करने की नई तिथि 6 सितंबर तक की गई है। इससे उन छात्रों को लाभ होगा जिन्होंने अभी तक दाखिले के लिए आवेदन नहीं किया है। अतिरिक्त समय मिलने से वे अब समय रहते आवेदन कर सकेंगे। बता दें इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 सितंबर तक बढ़ाई गई थी।
जिलेभर के 5 राजकीय कालेजों में वीरवार शाम तक 10 हजार 332 ऑनलाइन आवेदन पहुंचे थे। इनमें सबसे ज्यादा विद्यार्थियों का रुझान राजकीय पीजी कॉलेज अंबाला छावनी की तरफ ही है। बता दें कि इस कॉलेज में करीब 10 संकायों में 1100 सीटों पर दाखिले होने हैं। इसके लिए वीरवार की शाम तक 5530 से ज्यादा युवाओं ने आवेदन फार्म जमा करवा दिए थे। हालांकि इनमें से करीब आधे से ज्यादा फार्म बीए में दाखिले के लिए विद्यार्थियों ने भरे हैं। वहीं राजकीय पीजी कॉलेज नारायणगढ़, राजकीय कॉलेज साहा और शहजादपुर महिला कॉलेज में लगभग सभी आवेदनकर्ताओं को बीएससी साइंस में भी दाखिला आसानी से मिल जाएगा। क्योंकि इन सभी में आवेदन लगभग सीटों जितने ही पहुंचे हैं। जबकि कुछ छात्र ऐसे हैं जिन्होंने दो या दो अधिक कोर्स में आवेदन किया है। उधर, बीए के अलावा बीकॉम में भी मेरिट लिस्ट उच्च जानी तय है। जबकि बीकॉम सीएवी में भी ज्यादातर आवेदनकर्ताओं को लगभग सभी कॉलेजों में दाखिला आसानी से मिल जाएगा। वहीं प्रदेशभर के 329 राजकीय और राजकीय सहायता प्राप्त कॉलेजों में वीरवार को शाम 5 बजे तक 1.90 लाख से ज्यादा ऑनलाइन आवेदन भरे जा चुके थे।
राजकीय महिला कॉलेज अंबाला शहर
बीए--272
बीकॉम- 113
कुल- 385
राजकीय महिला कॉलेज शहजादपुर
बीए-1185
बीकॉम-105
बीएससी साइंस- 64
बीकॉम सीएवी--18
कुल- 1372
राजकीय पीजी कॉलेज नारायणगढ़ की स्थिति
बीए--1220
बीकॉम- 350
बीएससी साइंस--157
बीसीए- 143
कुल- 1870
राजकीय कॉलेज साहा
बीए- 890
बीकॉम--207
बीएससी साइंस-78
कुल- 1175
राजकीय पीजी कॉलेज अंबाला छावनी
बीए- 2905
बीकॉम- 862
बीसीए- 585
बीएससी साइंस- 510
बीबीए- 260
बीएससी मेडिकल- 155
बीकॉम सीएवी- 82
बीएएमसी- 80
बीए इंग्लिश ऑनर्स--50
बीटीएम- 45
कुल--5534
इस बार हर बार से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन जमा करवाए हैं। अब विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की तारीख 6 सितंबर तक बढ़ा दी है। इस बारे में विभाग ने अपनी वेबसाइट पर वीरवार रात को अपडेट भी डाल दी है। हमारे कॉलेज में पहली बार बीसीए शुुरू हो रही है और उसके लिए भी काफी संख्या में आवेदन आए हैं। निश्चित तौर पर इस बार दाखिले के लिए मेरिट अधिक रहेगी।
-संजीव चौहान, प्रिंसिपल राजकीय पीजी कॉलेज नारायणगढ़।