सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन मिलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वीरवार की शाम ब्लॉक नंबर छह के कमरा नंबर तीन में हवालाती गुलशन कुमार निवासी गांव बलाचौर थाना छछरौली जिला यमुनानगर से एक मोबाइल फोन और चबाया हुआ सिम बरामद किया गया। पानी की खाली कैन में यह मोबाइल फोन छिपाया गया था।
सेंट्रल जेल उप सहायक जेल अधीक्षक अजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वार्डर जयप्रकाश की ओर से की जा रही तलाशी के दौरान आरोपी गुलशन निवासी गांव बलाचौर थाना छछरौली जिला यमुनानगर से एक मोबाइल फोन और चबाया हुआ सिम बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दौरान बार-बार पूछने पर भी किसी बंदी ने पानी की कैन को अपना नहीं बताया। लेकिन सूत्रों ने बताया कि यह कैन व मोबाइल फोन हवालाती बंदी गुलशन कुमार के हैं। इसके बाद बंदी से पूछने पर उसने स्वीकार किया कि यह प्लास्टिक कैन व एक कीपैड मोबाइल फोन व चबाया हुआ सिम उसका है। शिकायत के आधार पर बलदेव नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।