हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पंचकूला की ओर से पुलिस विभाग में पुरुष कांस्टेबल (जीडी) की भर्ती के लिए शनिवार और रविवार को परीक्षा होगी। उपायुक्त ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें परीक्षा की तैयारी के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को ध्यान में रखते हुए आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत परीक्षा केंद्रों और उसके आसपास धारा 144 लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। लिखित परीक्षा दो चरणों में प्रात: साढ़े 10 बजे से दोपहर 12 बजे व दोपहर बाद 3 बजे से साढ़े 4 बजे तक जिला में स्थापित किए गए परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के चारों ओर की 200 मीटर की परिधि में 5 या इससे अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई गई है। कोई भी व्यक्ति अपने साथ घातक हथियार लेकर नहीं जा सकेगा। परीक्षा केंद्रों के नजदीक 200 मीटर क्षेत्र में फोटोस्टेट की सभी दुकानें भी 7 व 8 अगस्त को प्रात: 7 बजे से सांय 6 बजे तक शनिवार व रविवार दोनों दिन बंद रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, पेजर, बेल्ट व अन्य कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण, अंगूठी, चूड़ियां, चेन व कलाई घड़ी ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है। ड्यूटी पर हाजिर पुलिसकर्मियों पर ये आदेश लागू नहीं होंगे। जारी किए गए आदेशों की उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
------------------------