गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को कोटेदार के यहां राशन लेने पहुंचे युवक को कुछ लोगों ने खंभे से बांधकर पीटा। उन लोगों ने आरोप लगाया कि युवक ने गांव की एक युवती के साथ छेड़खानी की है। करीब एक घंटे बाद डॉयल 112 टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को बंधन से मुक्त कराया और उसे भटहट पुलिस चौकी लेकर आई।
जानकारी के मुताबिक गुलरिहा थाना क्षेत्र का एक युवक अपने मामा के घर में रहता है। सोमवार को वह कोटेदार के घर राशन लेने गया था। इस दौरान साइकिल पर पुआल लेकर जा रही एक लड़की से युवक की कहासुनी हो गई।
मोहल्ले के कुछ लोगों ने लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए युवक को पकड़ लिया। पिटाई से बचने के लिए युवक बाइक छोड़कर भागने लगा। उसे लगभग आधा किलोमीटर तक दौड़ा कर उन लोगों ने पकड़ लिया गया और खंभे में बांधकर पीटना शुरू कर दिया।
इस संबंध में एसओ चंद्रहास मिश्र ने बताया कि मामूली कहासुनी में युवक को खंभे से बांधकर पीटने की जानकारी हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है।