प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2021 के लिए ऑनलाइन आवेदन का बृहस्पतिवार को आखिरी मौका है। प्रदेश के समस्त संबद्ध राजकीय, अनुदानित एवं निजी क्षेत्र के पॉलिटेक्नीक संस्थानों में दाखिले के लिए अभ्यर्थी
jeecup.nic.in पर 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
सूबे में 147 राजकीय पॉलिटेक्नीक, 19 सहायता प्राप्त और 1200 से अधिक स्ववित्तपोषित पॉलिटेक्नीक हैं। गोरखपुर में ही तीन सरकारी और एक अनुदानित पॉलिटेक्नीक में करीब सात हजार सीटें मौजूद हैं। प्रवेश परीक्षा का समय फिलहाल परिषद ने घोषित नहीं किया है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से ग्रुप ए के इंजीनियरिंग, ग्रुप ई के फार्मेसी के साथ ग्रुप बी, सी, डी, एफ, जी, एच, आई और के की प्रवेश परीक्षा को संयुक्त रूप से पहली बार ऑनलाइन मोड में कराया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आरटीई : प्रवेश के लिए आवेदन की आज अंतिम तिथि
गोरखपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों के बच्चों के प्राइवेट स्कूल में निशुल्क प्रवेश के लिए बृहस्पतिवार को आवेदन का आखिरी मौका है।
नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार के तहत निजी स्कूलों में प्री-नर्सरी और कक्षा-एक में सीट के सापेक्ष 25 फीसदी मुफ्त दाखिला दुर्बल आय वर्ग के बच्चों को देने का प्रावधान है। दो चरणों में स्कूल आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। तीसरे चरण के आवेदन की आखिरी समय सीमा 15 जुलाई है। आवेदन पत्रों का सत्यापन 16 से 18 जुलाई तक किया जाएगा। 20 जुलाई को लाटरी से स्कूल का आवंटन होगा। 30 जुलाई तक चयनित बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा।