बीटेक के छात्र ने अपने ही घर में 30 लाख की नकदी-जेवरात पर हाथ साफ किया
- पुलिस को बताया, भरी दोपहरी चोरी हो गई, नौकरानी बनी मामले मेें राजदार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नोएडा में पढ़ने वाले इंजीनियरिंग के एक छात्र ने अपने ही घर में तीस लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। उसके बाद पुलिस को फोन करके घर में चोरी होने की सूचना दी। पुलिस ने घर की नौकरानी से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी कहानी बता दी। बेटे ने पुलिस को जेवर और रुपये भी बरामद करवा दिए।
यह मामला शहर के लोहे के स्क्रैप के एक कारोबारी के परिवार से जुड़ा है। मंगलवार को व्यापारी की पत्नी और बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र बेटा कोरोनारोधी टीके की दूसरे डोज लगवाने के लिए गौरी बाजार सीएचसी गए थे। भीड़ देखकर पुत्र ने व्यापारी को फोन पर बताया कि शाम होने पर नंबर आएगा। इस पर व्यपारी ने घर जाकर भोजन करने को कहा। मां-बेटे घर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा मिला। बेटे ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। पिता ने बताया कि 14 लाख रुपये नगद और करीब 16 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी हो गए हैं।
बुधवार को कोतवाल राजू सिंह ने घटना का पर्दाफाश कर दिया। बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर घर में काम करने वाली नौकरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। नौकरानी ने घटना का मास्टर मांइड व्यापारी के पुत्र को बताया। इस पर पुलिस ने व्यापारी पुत्र को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस को नौकरानी ने बताया कि उसके सामने तिजोरी में रखे रुपये और जेवर व्यापारी के पुत्र ने सुबह निकाले थे। पुलिस ने पुत्र से जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि रुपये और जेवर हमने ही दूसरी जगह रख दिए हैं। कुछ दिन बाद नोएडा जाने वाले थे। ऐेसे में मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना का रूप दे दिया गया।
------------
पुत्र फंसा तो व्यापारी ने कहा, चोरी नहीं हुई
एसएसआई विपिन मलिक ने बताया कि नौकरानी से युवक के अच्छे रिश्ते थे। दोनों की अक्सर मोबाइल पर देर तक बात भी होती थी। एक साल से काम करने के वजह से नौकरानी पूरे परिवार के साथ घुलमिल गई थी। चोरी में पुत्र का नाम सामने आने के बाद व्यापारी ने मुकदमा दर्ज कराने की जगह पुलिस को लिखित रूप से दे दिया कि उनके घर चोरी नहीं हुई है।