टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाती युवती
- फोटो : अमर उजाला
कोविड टीकाकरण की संख्या बढ़ाने के लिए 50 से 100 की संख्या में वैक्सीनेशन टीम या टोली बनाई जाएगी। यह टीम दस्तक अभियान के तहत 30 नवंबर तक लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरुक करेगी। इसे लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने पत्र लिखकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि हर घर दस्तक अभियान के तहत 30 नवंबर तक कोविड टीकाकरण के पहले तथा दूसरे डोज देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर जाकर लोगों जागरूक किया जा रहा है। लेकिन इसे और गति देने के लिए 50 से 100 की संख्या में वैक्सीनेशन टीम बनाई जाएगी।
यह टीम क्षेत्रों में जाकर आमलोगों का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने पर जोर देगी। इसके अलावा टीमों को प्रेरित करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक संख्या में वैक्सीनेशन करने वाले पांच टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए समाज के प्रभावी लोगों जैसे धार्मिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, डॉक्टर, जनप्रतिनिधि, खेल जगत की हस्तियां, सेना या ऐसी सेवाओं से सेवानिवृत लोग, एनसीसी कैडेट या राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक आदि की मदद ली जाएगी।