महाराष्ट्र के पालघर जिले के पालीव थानाक्षेत्र के गौरीपाड़ा जीवननगर में युवती की हत्या के मामले में नामजद आरोपी राजकुंवर उर्फ विशाल सिंह को एसटीएफ की गोरखपुर इकाई ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। विशाल मूल रूप से बस्ती का रहने वाला है। एसटीएफ व महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे रोडवेज बस स्टेशन तिराहा के पर्यटन कार्यालय के पास से दबोचा है। आरोपी को कैंट थाने में दाखिल किया गया है। अब ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस उसे लेकर जाएगी।
एसटीएफ गोरखपुर इकाई के इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह के मुताबिक 20 अक्तूबर 2021 को अगौरीपाड़ा जीवननगर के पालघर स्थित अदानी अर्पाटमेंट के लोगों को दुर्गंध मिली थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जब पुलिस मौके पर गई तो एक युवती की सड़ी लाश बरामद हुई। कमरे से मिले फोटोयुक्त पहचान पत्र के जरिए युवती की पहचान वर्षा गोयल के रूप में हुई। इसके बाद वर्षा के परिजनों ने तहरीर देकर बस्ती के राजकुंवर उर्फ विशाल सिंह के खिलाफ हत्या व शव छिपाने का केस दर्ज करा दिया था।
महाराष्ट्र पुलिस तभी से उसकी तलाश में थी। आरोपी की फोटो व सूचना एसटीएफ को उपलब्ध कराई गई थी। इसी बीच पता चला कि आरोपी बस्ती चला आया है। इसके बाद से ही एसटीएफ उसकी तलाश में थी। उधर, महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम गोरखपुर भी आ गई थी। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गोरखपुर रोडवेज बस स्टेशन के पास है। इसके बाद एसटीएफ व महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कैंट थाने में दाखिल किया गया है।
पालघर में पेंट-पॉलिश का काम करता था आरोपी
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी राजकुंवर उर्फ विशाल सिंह अपने पिता के साथ बचपन से ही महाराष्ट्र के पालघर में रहता था। वहां पेंट-पॉलिश का काम करता था। पिता की मौत के बाद वह अकेले ही रहने लगा। इस बीच उसकी शादी बस्ती के ही एक गांव में हो गई। उसके चार बच्चे भी हैं। गांव में पत्नी, बच्चे व उसकी मां रहती हैं लेकिन अक्सर आरोपी पालघर में ही रहता था।
वर्षा से की थी कोर्ट मैरिज
एसटीएफ के मुताबिक पालघर में रहने के दौरान आरोपी राजकुंवर उर्फ विशाल पड़ोस की रहने वाली वर्षा गोयल से प्यार करने लगा। दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली थी। पिछले पांच वर्ष से साथ भी रह रहे थे। राजकुंवर के कोर्ट मैरिज की जानकारी गांव में रहने वाली पहली पत्नी को हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद ही विशाल ने वर्षा की हत्या कर दी और शव को कमरे में ही छोड़कर भाग निकला।