गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके में नई कार दिलाने के नाम पर 3.80 लाख रुपये की जालसाजी के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोप है कि राप्तीनगर निवासी राजू वर्मा और रहमत अली ने रुपये लेने के बाद न तो कार ही दिलाई और न ही रुपये वापस कर रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, महराजगंज के बड़हरा बरईपार निवासी रामजतन प्रसाद ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि उनका बेटा दिग्विजय बाहर रहता है। मई में बेटा घर आया और कार खरीदने के लिए एजेंसियों से संपर्क किया।
इसी बीच खोराबार मलमलिया के रहने वाले रिश्तेदार सर्वेश से संपर्क हुआ तो उन्होंने दोनों आरोपितों के बारे में बताया कि वह नई और पुरानी दोनों तरह की कार दिलाते हैं। इसके बाद राजू वर्मा और रहमत अली से मिलवाया। दोनों ने उससे 3.80 लाख रुपये ले लिए। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।