पत्रकार वार्ता में आरपीआई राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खूब तारीफ की लेकिन एनडीए घटकदल होने के नाते जातिगत जनगणना का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से ब्राह्मण, ठाकुर, ओबीसी और अनुसूचित जाति सबकी समाज में भागेदारी का पता चल जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वरोजगार के लिए ऋण योजना आदि के जरिए देश के करोड़ों परिवार का कल्याण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में गुंडों को खत्म किया। एक डैशिंग मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने कोरोना पर काबू पाया, मुफ्त अनाज का लाभ लाखों परिवारों को दिया। दवा, अस्पताल और बेहतर इलाज सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
मुस्लिम समाज का आभार जताया
रामदास अठावले ने कहा कि मुस्लिम समाज को भाजपा और आरपीआई के साथ जुड़ना चाहिए। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मुस्लिम समाज ने जिस तरह शांतिपूर्वक माना इसके लिए मुस्लिम समाज का आभार प्रकट करता हूं। कोर्ट ने मस्जिद के लिए जो जमीन दिए जाने का आदेश दिया उसे भी सरकार को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। कहा कि देश में सभी धर्म और जातियों को अपनी परंपराएं मानने और अपने ढंग से जीवनयापन करने का अधिकार है, सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।