बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर रोड पर केन्द्रीय विद्यालय के पास स्थित सागौन की बाग में जिस दिव्यांग की हत्या करके शव लटका हुआ मिला था, उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या की गई थी। मृतक के मामा ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले के अनावरण के लिए दो टीमें लगाई गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मृतक की मोबाइल के कॉल डिटेल्स के आधार पर केस के अनावरण का प्रयास किया जा रहा है।
रुधौली थाना क्षेत्र के नकथर निवासी 20 वर्षीय सुखराम वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर के टोला डेरवा निवासी अपने मामा उदयराज शर्मा के घर पत्नी के साथ रहता था। इसका एक भाई कहीं बाहर रहता है। सुखराम केंद्रीय विद्यालय के निकट स्थित पटवा पेट्रोल पंप गनेशपुर के पास गुमटी में रह कर वहीं पर काम करता था।
तहरीर में उदयराज शर्मा ने बताया है कि रविवार रात आठ बजे उसका नाती गोलू सुखराम के लिए खाना लेकर गया था। सोमवार को समय करीब 10 बजे लालजी, गुड्डू, उस्ताद निवासी शेखपुरा गनेशपुर बाइक से उसके पास पहुंचे और बताया कि सागौन की बाग में सुखराम की लाश पड़ी है। जिसके बाद ननिहाल व आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंचे।
देखा तो चेहरे के अलावा कान के पास चाकू से वार के तमाम निशान थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में चाकू से गोदकर हत्या की बात सामने आई।