इजराइल की सुरक्षा एजेंसी पुस्तक ‘मोसाद’
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिका सेना की ओर से ईरान के शीर्ष कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी को मारने में मदद करने वाली दुनिया की सबसे मजबूत खुफिया सुरक्षा एजेंसी ‘मोसाद’ शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सुरक्षा तंत्र की मजबूती के लिए मशहूर इजरायल की इस सुरक्षा एजेंसी के बारे में जानने के लिए गोरखपुर महोत्सव में आने वाले लोग भी उत्सुक हैं। इसकी बानगी यहां मौजूद अंग्रेजी किताबों के स्टॉल पर देखने को मिल रही है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के इतिहास से जुड़ी किताबें इस स्टॉल पर पर आने वालों की पहली पसंद बनी हुई हैं।
मुंबई से आए आरुषि बुक इंटरप्राइजेज के संचालक राजकुमार शुक्ला ने बताया कि नॉवेल और हिस्ट्री की किताबों की डिमांड ज्यादा है। खासकर इजरायल की खुफिया एजेंसी पर लिखी लेखक ‘माइकल बार जोहर निसिम मिशल’ की किताब ‘मोसाद’ की डिमांड बढ़ गई है। किताब में ‘मोसाद’ के जन्म 13 दिसंबर 1941 से लेकर इसके शीर्ष तक पहुंचने की गाथा को लेखक ने रोचक अंदाज से प्रस्तुत किया गया है।
इसके अलावा इसी लेखक की ‘कमांडो - द डेथ डिफाइंग मिशन ऑफ द इजरायली स्पेशल फोर्स’ की भी खूब बिक्री हो रही है। अमेरिका के विश्व शक्ति बनने, ईरान के इतिहास से जुड़ी किताबें भी शहरवासियों को भा रही हैं। मार्क मेंशन की लिखी उत्प्रेरक किताब ‘द सब्टेल आर्ट ऑफ नॉट गिविंग’ के भी कद्रदान हैं। राजकुमार ने बताया कि सभी किताबों पर 20-50 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। ये सिलसिला 17 जनवरी तक बदस्तूर जारी रहेगा।