क्या है दावा?
ईडी ने गुरुवार रात अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तार की थी। इसके बाद अदालत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाला मामले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। इन तमाम घटनाक्रमों के बीच अरविंद केजरीवाल की एक फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इसके साथ दावा किया जा रहा है कि यह फोटो उस समय की है अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया था।
वेरिफाइड एक्स यूजर और दिल्ली प्रदेश के उत्तर पश्चिम जिला भाजपा अध्यक्ष देवेंदर सोलंकी इसी फोटो को साझा कर लिखते हैं, 'सत्यमेव जयते।'
दिनेश कुमार नाम के एक्स यूजर फोटो को साझा कर लिखते हैं, 'सत्यमेव जयते! केजरीवाल गिरफ्तार।'
पड़ताल
फोटो को लेकर जब हमने पड़ताल की तो सच्चाई कुछ और ही निकली। सबसे पहले वायरल तस्वीर को हमने गूगल रिवर्स सर्च किया तो अक्तूबर 2012 में प्रकाशित
न्यूज रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक,
इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के सदस्य अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत अन्य को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। आईएसी के सदस्य उस वक्त के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास के पास धरना दे रहे थे। उन्हें एक बस में भरकर स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया था।