नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए चौथी कटऑफ शनिवार को जारी होगी। इस कटऑफ में सामान्य श्रेणी से ज्यादा गुंजाइश आरक्षित श्रेणी के लिए दाखिले की है, क्योंकि इस श्रेणी की कटऑफ में ज्यादा गिरावट होगी। सामान्य श्रेणी के लिए कुछ कॉलेज औसतन 0.25 फीसदी से एक फीसदी तक और आरक्षित श्रेणी मेें तीन से चार फीसदी तक की गिरावट करेंगे। आरक्षित श्रेणी में भी एसटी श्रेणी के लिए गिरावट होगी।
नामचीन कॉलेजों में सामान्य की कॉमर्स, आर्ट्स, साइंस की काफी सीटें भर चुकी हैं। अब शनिवार को जारी होने वाली कटऑफ में सामान्य श्रेणी के लिए काफी कम दाखिले की गुंजाइश है।
अरबिंदो कॉलेेज के प्रिंसिपल डॉ विपिन अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां चौथी कटऑफ में बीकॉम ऑनर्स व बीकॉम में दाखिला लेने का अवसर हर श्रेणी के लिए रहेगा। इस बार इन कोर्सेज में दाखिले की मारामारी देखने को नहीं मिल रही है। सामान्य के लिए बीएससी लाइफ साइंसेज के दाखिले भी खुले हैं।
उन्होंने कहा कि सामान्य श्रेणी की चौथी कटऑफ में 0.25 फीसदी से एक फीसदी तक और एसटी श्रेणी के लिए कुछ कोर्सेज मेें तीन से चार फीसदी तक की गिरावट की जाएगी।
राजधानी कॉलेज मेें 1194 सीटों पर 1244 दाखिले हो चुके हैं। कॉलेज में इकनॉमिक्स ऑनर्स की सामान्य श्रेणी की 24 सीटों पर 38 दाखिले हो चुके हैं, अंग्रेजी ऑनर्स में 24 में से 18 सीट भरी हैं। इतिहास ऑनर्स की 27 सीटों पर तीन दाखिले हुए हैं। ऐसे में जहां कम दाखिले हुए हैं वहां दाखिले की संभावना है। लेकिन सतर्कता बरतते हुए कॉलेज ज्यादा गिरावट नहीं करेगा।
वहीं, आर्यभट्ट कॉलेज के दाखिला संयोजक राजेश कुमार ने बताया कि उनके यहां इकनॉमिक्स ऑनर्स, बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स, साइकोलॉजी ऑनर्स मेें ही दाखिले की संभावना है। ऐसे में इन कोर्सेज में 0.25 फीसदी से एक फीसदी तक की गिरावट की जाएगी।