नई दिल्ली। पटेल नगर थाने के पूर्व थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनके खिलाफ हवाला की बरामद रकम को हड़पने का आरोप है। मामले के उजागर होने के बाद तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया था। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इनके खिलाफ धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गत सोमवार को पटेल नगर थाने की पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ईस्ट पटेल नगर में दो युवकों को तीन बड़े बैग को ले जाते देखा। पूछताछ करने पर युवकों ने बैग में किताबें होने की बात कही। जांच करने पर बैग से काफी रुपये मिले। जानकारी मिलने के बाद पटेल नगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और युवकों को थाने ले गए। वहां युवकों ने बताया कि बैग में 5.42 करोड़ रुपये हैं लेकिन मालखाने में मौजूद बैग में लगभग 3.18 करोड़ रुपये ही रखे हुए थे। इस बात का खुलासा होने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच शुरू की। छानबीन में पता चला कि रकम चांदनी चौक जाने वाली थी। साथ ही पता चला कि 2.27 करोड़ रुपये थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने गायब कर दिए हैं। हालांकि इसके बाद रकम को जमा करवा दिया गया। पुलिस के आला अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी भरत कुमार, एसआई दानवीर और सिपाही कुलदीप को मंगलवार को लाइन हाजिर कर दिया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हवाला की रकम गायब करने के मामले में पूर्व थाना प्रभारी सहित तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर दिया गया है।