खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति विभाग के बुराड़ी सर्किल ऑफिस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित राशन कार्ड आवेदनों के बारे में जानकारी ली, वहीं एफएसओ/एफएसआई ने लंबित किए आवेदनों के सत्यापन की स्थिति के बारे में पता लगाया। उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने अभिलेखों को उचित तरीके से सूचीबद्ध नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
इस मौके पर इमरान हुसैन मुफ्त राशन प्रदान किए जाने वाले राशन वितरण प्रणाली का भी जायजा लिया। इसके अलावा कार्यालय में मौजूद राशन लाभार्थियों से भी बातचीत की और राशन वितरण प्रणाली के बारे में उनकी समस्याओं को भी सुना।
उन्होंने खाद्य आपूर्ति अधिकारियों को लाभार्थियों को नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट (फीफो) मोड का सख्ती से पालन करने का भी निर्देश दिया। वहीं उन्होंने सभी कर्मचारियों को अधिक कुशलता से और समयबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने वर्तमान गर्मी के मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को कार्यालय में राशन लाभार्थियों के लिए पर्याप्त बैठने की जगह और इसके साथ ही कार्यालय में एयर कूलर और पंखे जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया।