ग्रेटर नोएडा में भी अब महिलाओं के लिए पिंक शौचालय बनेंगे। प्राधिकरण ने 30 शौचालय बनाने का निर्णय लिया है। 11 पिंक और 19 सामान्य शौचालय होंगे। अधिक भीड़भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों पर इनका निर्माण होगा। प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में जल्द निर्माण के निर्देश दिए।
वहीं, पिंक शौचालयों में सैनिटरी पैड डिस्पोज करने के लिए इंसिनेटर भी लगाए जाएंगे। शौचालयों में लिक्विड सोप व टीशू पेपर की व्यवस्था होगी। निर्माण के लिए जल्द ही रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किए जाएंगे।
इच्छुक कंपनियां आवेदन करेंगी। बता दें कि ग्रेटर नोएडा में बहुत कम जगहों पर शौचालय बने हैं। बाजारों व सार्वजनिक जगहों पर लोगों को ज्यादा परेशानी होती है।
कूड़ों के लिए पांच क्लस्टर बनेंगे, री-साइकिल करेंगे
कूड़े को निस्तारित करने के लिए सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, ओमीक्रॉन, म्यू, ज्यू, जीटा, ईटा, सिग्मा, स्वर्णनगरी व इनके आसपास के गांवों को मिलाकर पांच क्लस्टर बनाए गए हैं। सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि हर क्लस्टर में 8000 से 10,000 घर शामिल होंगे।
प्रतिदिन 15 से 20 टन कूड़ा निकलेगा। इसे वहीं री-साइकिल किया जाएगा। बचे कूड़े को ही अस्तौली के प्लांट भेजा जाएगा। कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। लखनावली में कूड़े के ढेर पर पार्क बनाने के लिए भी कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं।
निर्माण से जुड़े अवशेषों को री-साइकिल कर ईंट व टाइल्स बनाने के लिए भी जल्द टेंडर निकलेगा। 10 से 15 जगह प्लांट लगाए जाएंगे। अस्तौली में प्लांट बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है।