नोएडा। फेज-थ्री पुलिस ने शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गढ़ी गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गुरुग्राम के राजीव नगर निवासी चंदन, हरदोई के सुमई निवासी सुधीर कुमार वर्मा, कानपुर के बेरीजेड़ा निवासी अमित कुमार, राजस्थान के यादव बस्ती निवासी राजेश जिंगर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 2 पिस्टल, चार मोबाइल, चोरी की दो बाइक व 10 कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीसीपी हरीशचंदर ने बताया कि आरोपी फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर खरीद-फरोख्त के लिए ऑफर देते थे। असलहे की डिलीवरी के दौरान चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। डिलीवरी के बाद बाइक को थोड़ी दूर छोड़कर फरार हो जाते थे। आरोपी फेसबुक पर केवल ऐसे युवाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते थे जोे सोशल मीडिया पर हथियारों का शौक व बताते थे। इसके बाद सोशल मीडिया के जरिये इन युवाओं के मोबाइल नंबर का इंतजाम कर कॉल करते थे। बिहार के मुंगेर से पिस्टल मंगाकर 50 से 60 हजार रुपये में बेची जाती थी। जबकि कानपुर व कानपुर देहात, मध्यप्रदेश के भिंड-मुरैना आदि स्थानों से लाकर पिस्टल को 35-40 हजार रुपये तक में बेचते थे।
आरोपी इन पिस्टल को 14 से 20 हजार रुपये में खरीदते थेे। चार माह में 50 से अधिक .32 बोर की पिस्टल आरोपी बेच चुके हैं। जब शनिवार को आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तो वह दो आर्डर की सप्लाई करने के लिए ग्रेनो वेस्ट जा रहे थे। आरोपी दो बाइक पर सवार थे। एक बाइक दिल्ली से चुराई गई थी। जब भी 5 से 10 डिलीवरी हो जाती थी तो आरोपी नए तरीके से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पुरानी डिलीट कर देते थे।