फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर अभियान चलाकर कसा जाएगा शिकंजा

विज्ञापन
पुलिस कार्यालय में अधिकारीयों के साथ बैठक करते एडीजी ट्रैफिक ज्योति नारायण।
विज्ञापन
नोएडा। एनसीआर में प्रदूषण अधिक होता है। इस कारण वायु और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलेगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ब्लैक स्पॉट को रोड इंजीनियरिंग के मुताबिक बेहतर बनाया जाएगा। वहीं, नोएडा-ग्रेनो, ईस्टर्न पेरिफेरल, यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों को रोकने के लिए तेज रफ्तार वाहनों पर भी अंकुश लगाया जाएगा। ये बातें एडीजी ट्रैफिक ज्योति नारायण ने सोमवार को सेक्टर-14ए पुलिस ऑफिस में कहीं। वह सोमवार को यातायात विभाग के कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे थे। एडीजी ट्रैफिक ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गौतमबुद्ध नगर समेत 10 जिलों में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) पर काम चल रहा है। इसके तहत जनपद में 90 कैमरे लगाए जाने हैं। इससे नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का ऑटोमेटिक चालान हो जाएगा।
विज्ञापन

सड़कों पर स्टॉप लाइन बनाई जाएगी और स्पीड लिमिट लिखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से ई चालान व्यवस्था और वर्चुअल कोर्ट के बारे में भी जानकारी ली। एडीजी ट्रैफिक ने कहा कि डग्गामार बसों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस व परिवहन निगम संयुक्त रूप से अभियान चलाएगी। सड़क किनारे खड़े वाहनों को तुरंत हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में प्रति माह लगभग तीन हजार से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस बनते हैं और करीब एक दर्जन ट्रेनिंग स्कूल हैं। इस कारण चालकों के बेहतर प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अभी केवल व्यावसायिक चालकों के प्रशिक्षण पर ही जोर दिया जाता है। जबकि, बेहतर यातायात व सड़क हादसे रोकने के लिए सभी तरह के वाहन चालकों को प्रशिक्षित करने की जरूरत है। एडीजी ट्रैफिक ने अधिकारियों को शासन, कोर्ट और समितियों के आदेश पर भी ब्रीफ किया। मौके पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय पुष्पांजलि, डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा और एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक श्रद्धा पांडेय मौजूद थीं।
बिना एचएसआरपी के 40 वाहनों के चालान
परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को शहर में कई स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरान बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) वाले 40 वाहनों के चालान किए। इनमें 10 व्यावसायिक वाहन हैं। एआरटीओ प्रवर्तन प्रशांत तिवारी ने बताया कि टीम ने सेक्टर-32, बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-16ए, सेक्टर-15ए, सेक्टर-58, सेक्टर-62, सेक्टर-63 समेत अन्य स्थानों पर अभियान चलाया। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के वाहनों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान किए। इसके साथ ही दो प्राइवेट बसों को भी जब्त किया है। इन बसों को सेक्टर-62 के डी पार्क में रखा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें