घर की मांग लेकर सुपरटेक के खरीदारों का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
फोटो
कहा, फ्लैट की कीमत की 95 प्रतिशत रकम बिल्डर को दे चुके हैं, इसके बाद भी घर नहीं मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सुपरटेक के खरीदारों ने घर की मांग को लेकर रविवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। उसकी परियोजनाओं में हजारों खरीदारों को कई वर्ष बीतने के बाद भी घर नहीं मिला है। यूनाइटेड होमबायर्स संगठन के नेतृत्व में रविवार को बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पर पहुंचे। आरोप है कि प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे एक खरीदार पर कुछ लोगों ने हमला भी कर दिया। इससे वह घायल हो गए।
सुपरटेक के खरीदार अपने घरों के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता मंच, यूपी रेरा, एनसीएलएटी, सुप्रीम कोर्ट, आर्थिक अपराध शाखा और पटियाला हाउस कोर्ट में अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। रविवार को सुपरटेक लिमिटेड के 14 परियोजनाओं के खरीदारों ने रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने सुपरटेक की फॉरेंसिक ऑडिट, परियोजनाओं से भागीदारी हटाने, बिल्डर की गिरफ्तारी, घर खरीदारों की लागत में वृद्धि नहीं करने समेत स्वामी निवेश कोष से अंतरित फंडिंग कराए जाने की मांग की गई। आईआरपी पर निष्पक्ष तरीके से काम नहीं करने का आरोप भी लगाया। खरीदारों ने बताया, वह फ्लैट की कीमत की 95 प्रतिशत रकम बिल्डर को दे चुके हैं इसके बाद भी घर नहीं मिला है। खरीदारों ने अपनी मांगों को लेकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, वित्त मंत्री, मुख्य न्यायाधीश, यूपी और हरियाणा के मुख्यमंत्री समेत अन्य को भेजी।
खरीददार पर रास्ते में हुआ हमला
प्रदर्शन करने जा रहे इकोविलेज-1 के खरीदार महेंद्र कुमार महिंद्रा पर रास्ते में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उनके हाथ और शरीर में अन्य जगहों पर चोट लगी है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है।