दनकौर में डीजे बजाने का विरोध करने पर हमले में घायल।
- फोटो : Grnoida
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के दौला रजपुरा गांव में सोमवार रात मस्जिद के पास डीजे बजाने का विरोध करने पर दबंगों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका पास के ही अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने छह आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को शिकायत दी है। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस गहनता से जांच कर रही है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, गांव निवासी मीनस ने बताया कि सोमवार रात उनके घर के पास स्थित मस्जिद में अजान हो रही थी। उसी दौरान पड़ोस रहने वाले लोग डीजे बजा रहे थे। इस पर मीनस ने उनसे डीजे बंद करने के लिए कहा। इसी बात से गुस्साए आरोपियों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज कर दी। जब उसने विरोध किया तो लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। पीड़ित ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर पहुंच गए और उसकी पत्नी व भतीजे के साथ भी मारपीट कर दी। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले में जांच की जा रही है।
महिलाओं में मारपीट का वीडियो वायरल
एकसप्रेसवे कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-134 स्थित कॉसमॉस सोसाइटी में दो महिलाओं के बीच मारपीट का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सोसाइटी निवासी जया पूनम बच्चे के साथ पार्क में टहलने जा रही थी। रास्ते में सोसाइटी में रहने वाली तमन्ना स्ट्रीट डॉग को खाना खिला रही थीं। इनमें से एक कुत्ता जया पूनम के बच्चे की तरफ दौड़ पड़ा। इस पर महिला ने बच्चे और स्वयं को बचाने के लिए डंडा चलाते हुए कुत्ते को डराने का प्रयास किया। इसी दौरान तमन्ना ने डंडा छीनकर जया पूनम के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। महिला का मेडिकल कराया गया है। सोसाइटी के कई लोगों का आरोप है कि लावारिस कुत्तों को लेकर कई बार विवाद हो चुका है।