ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र की कासा ग्रांड सोसाइटी में केन्या मूल की युवती की 14वीं मंजिल से मौत के मामले में पुलिस ने कॉल डिटेल व सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अब तक की जांच के बाद पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मान रही है। बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित कासा ग्रांड सोसाइटी में अफ्रीकी मूल के कई लोग रहते हैं। सोसाइटी के फ्लैट में रहने वाले नाइजीरियाई मूल के दोस्त से मिलने के लिए केन्या निवासी मूूयासा कुछ दिन पहले टूरिस्ट वीजा पर ग्रेटर नोएडा आई थी। पुलिस का कहना है कि तड़के लगभग पांच बजे मूयासा की सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पड़ताल में पता चला था मूयासा के मोबाइल पर घटना से पहले अंतिम कॉल उसके परिजन की थी। पुलिस को आशंका है कि परिजन से बात करने के बाद ही तनाव के कारण युवती ने कूदकर जान दी है। हालांकि, सही कारण का पता लगाने के लिए मूयासा के मोबाइल की कॉल डिटेल व सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
बिसरख कोतवाली पुलिस ने एक मूर्ति गोलचक्कर के पास 25 हजार के इनामी बदमाश तौफिक को गिरफ्तार किया है। गाजियाबाद निवासी आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। तौफिक ने सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में लूट की कई वारदात की थी। वहीं, ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में मामले में दनकौर के कनारसी निवासी आरोपी श्यामवीर को गिरफ्तार किया है। श्यामवीर ने वर्ष 2017 में सूरजपुर व ईकोटेक तीन क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस पर 6 लूट के केस दर्ज हैं। इसके अलावा ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने एक अन्य आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बुलंदशहर निवासी कलुआ के रूप में हुई है। ब्यूरो