ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे कॉरिडोर और सेतु निगम की साइट पर चोरी करने वाले बदमाशों से सोमवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों सहित नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने कैंटर, तमंचा, 25 हजार रुपये, लोहा काटने के उपकरण और चोरी का सामान बरामद किया है।
एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन रेलवे कॉरिडोर व सेतु निगम की साइट मेें चोरी करने वाले बदमाश हिंडन पुश्ता के पास घूूम रहे हैं। पुलिस ने कैंटर सवार बदमाशों को घेरा तो उन्होंने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश कैंटर छोड़कर भागने लगे। इस बीच पैर में गोली लगने से दो बदमाश गिर गए जबकि सात बदमाशों को पुलिस ने घेरकर दबोच लिया। घायल बदमाशों की पहचान कासगंज निवासी अनुज व दादरी निवासी फिरोज खान के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों की पहचान सुधीर, आकाश, माधव, नरेंद्र, सत्येंद्र, उमेश व दूरबीन सिंह के रूप में हुई है। तीन बदमाश गुड्डू, शैलेंद्र व सनित पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। आरोपी सरकारी निर्माणाधीन साइट व अन्य स्थानों पर कैंटर लेकर पहुंचते थे और चोरी का सामान डालकर फरार हो जाते थे।
भागते हुए नाली में भी गिरे बदमाश
जब पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की तो आरोपी भागते हुए नाले में भी गिर गए। पुलिस ने आरोपियों को बाहर निकालकर गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश।- फोटो : Grnoida