मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल बदमाश।
- फोटो : Grnoida
दनकौर। बीती 27 अक्तूबर को चपरगढ़ गांव लौट रहे किसान से एक लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों से रविवार शाम पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे अन्य वारदात के संबंध में पूछताछ चल रही है। बदमाशों की पहचान सुमित और दीपक निवासी हरदुआगंज अलीगढ़, दीपक निवासी दनकौर व जितेंद्र निवासी ककोड़ के रूप में हुई।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा अमित कुमार ने बताया कि चपरगढ़ गांव निवासी सोहनपाल 27 अक्तूबर को बेटे के साथ दनकौर से घर लौट रहा था। चपरगढ़ गांव में अंडरपास के पास पीछा कर रहे चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और एक लाख रुपये की लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने दनकौर कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बताया कि सभी बदमाश क्षेत्र में फिर से बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सभी बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दी। जवाबी कार्रवाई में सुमित के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से लूट की रकम से 58550 हजार रुपये, 2 तमंचे और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।