चेकिंग में कार में पकड़ी गई 20 लाख की संदिग्ध राशि
तावडू। पुलिस की ओर से लोक सभा चुनावों के मद्देनजर जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता के अंतर्गत चेकिंग के दौरारन 20 लाख रुपये की नगदी बरामद की गई है। चुनाव आचार संहिता लगने के उपरांत तावडू पुलिस की ओर से इतनी बड़ी रकम पकड़ने का यह पहला मामला है। इस पकड़ी गई रकम संबंध में पुलिस की ओर से जांच पड़ताल की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
तावडू थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि जिला चुनाव आयोग गुरुग्राम टीम के सदस्य लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रितेश यादव, एएसआई रोहतास व एएसआई गजराज तावडू की टीम को कार में लाखों की राशि लेकर जाने की गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने तावडू-सोहना रोड पर पहाड़ी नाके के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। उसी दौरान एक कार में जांच के दौरान दो आरोपियों के पास से 20 लाख रुपये की नगदी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी यह नकदी कहां से लेकर आए और कहां लेकर जा रहे थे, इस संबंध में कोई सबूत पेश नहीं कर पाए। इस राशि को जब्त कर पुलिस गहन जांच में जुटी है। थाना प्रभारी के मुताबिक जब्त राशि के साथ आरोपी रणजीत व अनमोल निवासी फर्रुखनगर जिला गुरुग्राम को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।