गुरुग्राम। मदद के बहाने निजी कंपनी के सुपरवाइजर का एटीएम कार्ड बदलकर 1.40 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रुपये कटने का संदेश आया तो ठगी का पता चला। सदर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत यूपी गाजीपुर के गांव डहराकला निवासी रामजी राम ने दी है। उन्होंने बताया कि वह राजीव कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। एक निजी ऑटो कंपनी में सुपरवाइजर पद पर हैं। आरोप है कि 28 जून को कंपनी परिसर में लगे एटीएम से ही 10 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद रात करीब 8 बजे नाहरपुर रूपा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए। वहां पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने रुपये निकालने के दौरान मदद की। लेकिन फिर बोला कि कार्ड से रुपये नहीं निकल रहे हैं। एटीएम कार्ड वापस कर वहां से चला गया। बाद में मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 1 लाख 40 हजार रुपये निकल गए हैं। एटीएम कार्ड की जांच की तो पता चला कि कार्ड बदला जा चुका है। तब मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस बैंक प्रबंधन से संपर्क कर सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास कर रही है।