गुरुग्राम। खेड़कीदौला में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हल्दीराम के पैकिंग सुपरवाइजर की मौत हो गई है। बाइक से वह काम पर जा रहा था। भाई के बयान पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार अजय पानीपत जिले के गांव समालाखा के रहने वाले थे। मृतक तीन माह से खेड़कीदौला स्थित हल्दीराम में पैकिंग ऑपरेटर के तौर पर नौकरी करता था। पुलिस को दी शिकायत में समालाखा निवासी मंजीत ने बताया कि वह राणा बिल्डिंग गली नंबर-3 रंगपुरी नई दिल्ली में 6 साल से किराए पर परिवार सहित रहता है। छोटा भाई अजय कुमार की उम्र 29 साल थी। अजय खेड़कीदौला स्थित हल्दीराम में पैंकिग ऑपरेटर का कार्य तीन माह से कर रहा था। उन्होंने बताया कि वह बाइक से दफ्तर जा रहा था, तभी पीछे से हाईवे पर वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे इलाज के लिए खेड़कीदौला ट्रामा सेंटर ले गए, लेकिन ज्यादा चोट होने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।