गुरुग्राम। सेक्टर-46 चौक के पास रविवार शाम को तेज रफ्तार ट्रॉले ने स्कूटी सवार मेडिकल की छात्रा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्रा गिर गई। ट्रॉला चालक की लापरवाही से वाहन छात्रा के पैर को कुचलता हुआ निकल गया। इससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई । सूचना मिलते ही घटनास्थल पर छात्रा के परिजन और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रोड जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पहले जो स्पीड ब्रेकर रोड बने थे उनको दोबारा से बनाए जाए। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने देर रात को ब्रेकर बना दिए। सदर थाना पुलिस ने सोमवार की देर शाम छात्रा के बयान पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर यूपी के दादरी निवासी आरोपी चालक अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, निजी अस्पताल में छात्रा के पैर का ऑपरेशन किया गया।
जलवायु विहार निवासी शालू रविवार शाम करीब छह बजे स्कूटी से घर आ रही थी। छात्रा सेक्टर-46 पर पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार ट्रॉला ने टक्कर मार दी । टक्कर लगने से शालू गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही जल विहार कालोनी के निवासी मौके पर पहुंच गए और रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पहले भी स्पीड ब्रेकर न होने की वजह से तीन बार सड़क हादसे हो चुके हैं। उनका कहना है कि करीब 20 दिन पहले भी स्पीड ब्रेकर के लिए प्रदर्शन किया था। प्रशासन ने तीन दिन में स्पीड ब्रेकर का निर्माण का आश्वासन दिया था। समय रहते स्पीड ब्रेकर नहीं बन सके जिसके वजह से रविवार शाम को बड़ा हादसा हो गया ।
सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल
स्कूटी से जा रही मेडिकल की छात्रा की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें एक पैर ट्रॉले से कुचलने पर पूरी तरह से खत्म हो गया है। शालू ने एक हाथ से अपना पैर पकड़ रखा है दूसरे हाथ से मोबाइल फोन कर परिवार वालों से बात कर रही है। सोमवार को निजी अस्पताल में उसके पैर का ऑप्रेशन किया गया।