गुरुग्राम। वाटिका सिटी के सर्विस रोड पर सोमवार को गलत दिशा से आ रही गाड़ी को रोकना एएसआई को भारी पड़ गया। गाड़ी के चालक ने एएसआई को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एएसआई 15 फीट दूर जा गिरा। उसके बाएं पैर पर गाड़ी चढ़ाते हुए चालक निकल गया। जाते हुए चालक ने खुद को बादशाहपुर का राजकुमार बताते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस छापे मार रही है। वह गिरफ्त से बाहर है।
अभयपुर, सोहना का रहने वाला एएसआई सुंदर ट्रैफिक पुलिस में एएसआई है। उसकी ड्यूटी वाटिका चौक पर है। सर्विस रोड पर जाम को देखते हुए एकल मार्ग बनाया गया है। सोमवार को इस मार्ग पर आ रही एक गाड़ी के चालक को रोकना चाहा, लेकिन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी।
एएसआई के बयान पर खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसीपी मानेसर सुरेश कुमार का कहना है कि अब तक की छानबीन में पता चला है कि आरोपी प्रापॅर्टी डीलर है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन ने आदेश दिया है कि जो भी ट्रैफिक नियम तोड़ता है उसके खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। अगर एकल मार्ग घोषित किया गया है तो लोग उसका पालन करें। उनकी सुविधा के लिए ही ऐसा किया गया है। उन्होंने ट्रैफिक विंग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह ट्रैफिक नियम की पालना कराने पर जोर दें।