गुरुग्राम। दिवाली की रात गांव कासन के एक मकान में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार बदमाशों की पहचान कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में मुख्य आरोपी रिंकू भी कैद हुआ है। इससे स्पष्ट हो गया है कि आपसी रंजिश में ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों की पहचान कासन निवासी रिंकू सिंह, भिवानी जिले के गांव कैरू निवासी मनीष, सोनीपत जिले के गांव लाथ निवासी अमित व यूपी के अलीगढ़ के गांव तरौरी निवासी दीपक उर्फ भोलू के रूप में की गई है।
पुलिस ने दोेनों मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करा दिया गया है। वहीं, अस्पताल में उपचाराधीन प्रवीण की हालत गंभीर बनी हुई है। कासन गांव के पूर्व सरपंच के घर दिवाली की रात साढ़े आठ बजे छह हथियार बंद युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें दो की मौत हो गई थी। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में एक हत्या के मामले में आजीवन कैद की सजा काट रहा था। जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है।
14 साल से चली आ रही थी रंजिश
आईएमटी थाना पुलिस घायलों के परिजनों की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। कासन गांव में 14 साल पहले हुई युवक की हत्या के बाद चली आ रही रंजिश के कारण पूर्व सरपंच गोपाल राघव के घर पर छह हथियार बंद युवकों ने जानलेवा हमला किया। दिवाली की पूजा के बाद करीब साढ़े आठ बजे पूरा परिवार एक ही जगह पर बैठा हुआ था। इसी दौरान घात लगाकर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया था।
-------
हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हुए बदमाश
जब तक कोई कुछ समझ पाता हमलावर फरार हो चुके थे। आनन-फानन में घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां विकास (32) व सोनू उर्फ सोमपाल (35) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, प्रवीण (42), बलराम व उसका आठ साल का बेटा यश समेत कुल 4 लोग घायल हैं। आईएमटी मानेसर थाना प्रभारी यशवंत ने बताया कि मामले की गहन तहकीकात के आधार पर कई जगहें चिन्हित की गई हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न जगहों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।