गुरुग्राम। साइबर सिटी में छठ पूजा के लिए तैयारियां जोरों पर है। इस बार प्रदेश के मुखिया मनोहर लाल, शक्ति पार्क में होने वाली छठ पूजा में हिस्सा लेंगे। इस कारण उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने शनिवार दोपहर को पूजास्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों पर पूर्वांचल के लोगों से बातचीत भी की।
शहर में 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा की जाती है। लोग अपनी सुविधानुसार पास में बने घाट पर ही पूजा करते हैं। इस बार शक्ति पार्क में होने वाली छठ पूजा पर प्रशासन का ज्यादा जोर है। जिन स्थानों पर छठ पूजा होती है, उनमें प्रमुख रूप से शक्ति पार्क, शीतला माता मंदिर, सेक्टर-चार, सेक्टर-40, राजेंद्रा पार्क, प्रकाशपुरी, कादीपुर, भोंडसी मारुति कुंज आदि हैं। उपायुक्त के दौरे के दौरान मौजूद रहने वालों में प्रदेश पूर्वांचल प्रकोष्ठ के संयोजक सुजीत कैमरी, जिला संयोजक विपिन अग्रवाल, राजेश पटेल आदि मौजूद रहे।
प्रशासन से तत्काल करें संपर्क
उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने कहा कि छठ पूजा को लेकर किसी भी तरह की परेशानी आ रही है तो प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को आदेश दिए कि किसी भी तरह का आवेदन है तो उनकी समस्या तुरंत दूर करें।
अवकाश घोषित करने की मांग
पूर्वांचल समाज के लोगों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ से मुलाकात कर मांग की है कि पूरे प्रदेश में छठ पूजा से लोग जुड़े हैं। इसलिए सूर्य घष्टी के दिन अवकाश घोषित किया जाए।
भीड़ और सुरक्षा का रखें ध्यान
पुलिस आयुक्त के के राव ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्र में पता करें कि कहां-कहां पर छठ पूजा होती है। वहां पर होने वाली भीड़ व सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। साथ ही पूर्वांचल समाज के लोगों से अपील की है कि थाना प्रभारी से इस बारे में जरूर अनुमति लें और उनके संपर्क में रहें।