गुरुग्राम। कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बीच दिसंबर की शुरुआत से ही संक्रमण की रफ्तार बढ़ गई है। स्थिति यह है कि अब रोजाना ही कोरोना के एक दर्जन से ज्यादा नए मरीज आ रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को भी जिले में कोरोना के 16 नए मरीज आए तो इतने ही मरीजों को स्वस्थ भी घोषित किया गया। इसी के साथ जिले में सक्रिय मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 99 हो गया है। इसमें से 1 मरीज अस्पताल में भर्ती है, जबकि 98 होम आइसोलेशन में हैं।
नए वैरिएंट की चिंताओं के बीच जिले में कहीं पर भी कोरोना बचाव के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। बाजारों में सामाजिक दूरी का पालन तो हो ही नहीं रहा है साथ ही लोग फेस मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि कोरोना बचाव नियमों के पालन को लेकर जो लापरवाही बरती जा रही है, वह कहीं सब पर भारी न पड़ जाए। आंकड़ों पर गौर करें तो अगस्त-सितंबर में एक समय रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या कम होकर 3-4 तक रह गई थी, लेकिन अब यह आंकड़ा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मरीजों की पहचान के लिए जांच अभियान जारी है। इसी क्रम में सोमवार को भी जिले में 4276 लोगों से कोविड जांच के लिए नमूने लिए गए, जिसमें से 663 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई, जबकि 3613 लोगों की आरटी-पीसीआर के जरिए जांच होगी।
------------