बिना नंबर की मर्सिडीज में बैठ लोनी विधायक ने निकाला काफिला
लोनी। विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले लोनी के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर अब अपने काफिले को लेकर सुर्खियों में हैं। बिना नंबर की मर्सिडीज में बैठकर विधायक द्वारा निकाले काफिले में यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। कार की छत पर खड़े होकर स्टंटबाजी हुई तो सुरक्षाकर्मी मर्सिडीज के इर्द-गिर्द पैदल दौड़ लगाते दिखे। बृहस्पतिवार को काफिले की वीडियो वायरल होने पर मनमानी सामने आई। अधिकारी इस मामले को लेकर अनजान बने हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो खजूरी पुस्ता मार्ग का बताया जा रहा है। वीडियो उस वक्त की है, जब विधायक बुधवार को किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए हुए थे। काफिले में विधायक के समर्थकों ने कार की छत पर स्टंटबाजी की। इसके अलावा समर्थक कई गाड़ियों में खिड़की पर लटके नजर आए। वीडियो के मुताबिक खजूरी पुस्ता मार्ग पर पहुंचते ही विधायक से आगे चल रही कार पर एक युवक छत पर चढ़ गया और मोबाइल से काफिले की वीडियो बनाने लगा। इस दौरान पर छत से गिरने से बाल-बाल बचा। कार की खिड़की पर लटके एक युवक ने उसे संभाल लिया। इसके बाद युवक ने छत पर बैठकर वीडियो बनानी शुरू कर दी।
नंबर की जगह मर्सिडीज पर लिखा प्रधानजी
काफिले में लोनी विधायक लाल रंग की मर्सिडीज में बैठे हुए हैं। विधायक या चालक द्वारा सीट बेल्ट लगाना तो दूर, कार की नंबर प्लेट पर नंबर की जगह प्रधानजी लिखा हुआ था। इतना ही नहीं, सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी विधायक का सुरक्षा घेरा बनाकर सड़क पर पैदल दौड़ते नजर आए।
कोट......
मामला मेरी जानकारी में नहीं है। मैं डीजीपी के आगमन पर मेरठ और दिल्ली ड्यूटी पर रहा। वीडियो क्या है, कहां की है, पता लगाता हूं। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
- रामानंद कुशवाहा, एसपी ट्रैफिक
कोट..........
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आई है। यह वीडियो लोनी की है या बाहर की है, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद वीडियो लोनी की पाए जाने पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण
कोट.....
खजूरी पुस्ता मार्ग पर जब काफिला चल रहा था तो एक समर्थक कार पर खड़ा होकर उनके फोटो खींचने लगा था। उसे तत्काल ऐसा करने से रोककर नीचे उतार दिया था। उसके बाद युवक वहां से चला गया।
- नंदकिशोर गुर्जर, लोनी विधायक
----------------
इनसेट.....
आम लोगों पर तत्परता, खास पर मेहरबानी
बीते रविवार को विजयनगर के प्रताप विहार इलाके में कार सवारों द्वारा हुड़दंग करने का वीडियो सामने आया है। हूटर बजाती की खिड़कियों से युवक हुड़दंग कर रहे थे। आरोपी आम लोग थे, लिहाजा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया और तीन कारों का 62 हजार रुपये का चालान काटा। वहीं, विधायक के काफिले में यातायात नियमों का उल्लंघन होने पर वीडियो की जांच की बात कहकर अधिकारियों ने पल्ला झाड़ लिया।
इनसेट....
हर्ष फायरिंग में बेटे का बचाव करने पर चर्चा में आए थे विधायक
पिछले माह लोनी में पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान विधायक नंदकिशोर गुर्जर के बेटे द्वारा हर्ष फायरिंग करने का मामला सामने आया था। पुलिस के मुताबिक वन रेंजर की लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की गई थी। लेकिन विधायक ने बेटे का बचाव करते हुए पिस्टल को एयर गन बताया था। जिसे पुलिस ने इंकार कर दिया था।